कुपोषण पर सख्त हुए डीएम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
जालौन। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जिला पोषण समिति एवं कन्वर्जेंस विभागों की समीक्षा बैठक कर कुपोषण की रोकथाम, मातृ-शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की सभी पोषण एवं स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध और शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए।
जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर पर नियमित एवं शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग, टेक होम राशन (टीएचआर) का समय पर वितरण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा होम विजिट, गंभीर एवं मध्यम कुपोषित (SAM/MAM) बच्चों की समय पर पहचान, नियमित वजन एवं लंबाई मापन तथा गर्भवती महिलाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने टीकाकरण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, आवश्यकता अनुसार बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) भेजने, जनजागरूकता कार्यक्रमों को गति देने तथा ग्राम स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग कर पोषण अभियान को सफल बनाने पर विशेष जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि कुपोषण मुक्त जनपद बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी पात्र लाभार्थी को योजनाओं से वंचित न रहने दें।






