व्यापारी कल्याण दिवस पर दानवीर भामाशाह को श्रद्धांजलि, उत्कृष्ट करदाताओं का हुआ सम्मान
जालौन। दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर व्यापारी कल्याण दिवस के तहत विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं व्यापारियों ने भामाशाह जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर उत्कृष्ट करदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि दानवीर भामाशाह का त्याग, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा का आदर्श आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने जीवन से यह संदेश दिया कि राष्ट्रहित और समाजहित सर्वोपरि है।
कार्यक्रम में व्यापारियों के योगदान की सराहना करते हुए करों के प्रति जागरूकता, ईमानदारी और समाज के विकास में व्यापारिक वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। उपस्थित लोगों ने भामाशाह जी के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।






