गुमशुदा 9 वर्षीय बच्ची 2 घंटे में सकुशल बरामद
■ चिलुआताल पुलिस की मुस्तैदी, सीसीटीवी से मिली लोकेशन—सहेली के घर मिली बालिका
गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र में गुमशुदा हुई 9 वर्षीय बालिका को पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता के चलते एक संभावित गंभीर घटना टल गई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 31 जुलाई 2026 को एक महिला द्वारा थाना चिलुआताल पर तहरीर देकर बताया गया कि उनकी 9 वर्षीय पुत्री कहीं चली गई है और काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मु0अ0सं0 580/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक उत्तरी ज्ञानेंद्र क्षेत्राधिकारी कैम्पियरगंज अनुराग सिंह तथा थानाध्यक्ष चिलुआताल सूरज सिंह गठित पुलिस टीम ने तत्काल संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की। टीम ने आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम तत्काल उक्त स्थान पर पहुंची, जहां बालिका अपनी सहेली के साथ सकुशल मिली। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्ची के सकुशल मिलने से परिवार में खुशी का माहौल है।
एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र ने बताया कि बालिका बिना परिजनों को बताए अपनी सहेली के घर चली गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस टीम शीघ्र ही उसके पास पहुंच गई और सुरक्षित बरामद कर लिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस की तत्परता के चलते बच्ची को कम समय में खोज लिया गया।
इस सराहनीय कार्य में थानाध्यक्ष सूरज सिंह, उपनिरीक्षक आलोक चौबे, सच्चिदानंद पांडे, आनंद द्विवेदी, नरेश सिंह, विनय सिंह, ज्ञानचंद एवं विशाल श्रीवास्तव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।






