Spread the love

नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज फुलवरिया बंगरूआ में ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान’ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

फुलवरिया बंगरूआ। छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से नेहरू इंटरमीडिएट कॉलेज, फुलवरिया बंगरूआ में ‘नारी सुरक्षा, नारी सम्मान’ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक कुमार पाण्डेय ने की।

कार्यक्रम में श्रीरामपुर थाने के थाना प्रभारी संजय कुमार ने छात्राओं को संबोधित करते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान एवं साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन का उपयोग तेजी से बढ़ा है, ऐसे में साइबर ठगी से बचने के लिए सतर्क रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य गोपनीय जानकारी कभी साझा न करें।थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि यदि कोई अज्ञात व्यक्ति बार-बार फोन कर परेशान करता है, अभद्र व्यवहार करता है या किसी प्रकार की धमकी देता है तो छात्राएं बिना किसी झिझक के अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को इसकी जानकारी दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस हमेशा महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए तत्पर है।
कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने भी छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, आत्मरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा कानून द्वारा प्रदत्त अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक किया। छात्राओं ने पूरे कार्यक्रम को गंभीरता और शालीनता से सुना तथा भविष्य में बताए गए सुरक्षा उपायों का पालन करने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक कुमार पाण्डेय ने श्रीरामपुर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होने चाहिए, जिससे छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़े और वे हर परिस्थिति का साहसपूर्वक सामना कर सकें।
कार्यक्रम में शिक्षक राजीव कुमार, आलोक कुमार पाण्डेय, अजीत सिंह, वैभव पाण्डेय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share.