Spread the love

चिरगांव में कच्ची शराब की बिक्री की चर्चा, प्रशासन से जांच की मांग

रिपोर्ट: अनुराग तिवारी, पत्रकार

चिरगांव। कस्बा चिरगांव में कुछ स्थानों पर कच्ची शराब की बिक्री की चर्चाओं को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। इसी मामले को प्रशासन के संज्ञान में लाने और अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह मामला प्रमुखता से सामने लाया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पहाड़ी चुंगी स्थित गैस एजेंसी के पास बनी पुलिया, ओपरा रोड की पुलिया, मुख्य कानपुर रोड स्थित सुधा विहार कॉलोनी तथा चिरगांव रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग के आसपास कुछ स्थानों पर कच्ची शराब की बिक्री होने की चर्चा है। बताया जाता है कि कुछ लोग इन स्थानों से शराब खरीदकर वहीं उसका सेवन भी करते हैं।
रेलवे स्टेशन क्रॉसिंग के आसपास रेलवे कर्मचारियों के आवास भी मौजूद हैं। ऐसे में स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित विभाग यदि इन स्थानों पर जांच कराए तो वास्तविक स्थिति सामने आ सकती है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन और आबकारी विभाग मामले का संज्ञान लेते हुए आवश्यक जांच कराएं तथा यदि कहीं अवैध शराब की बिक्री पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। खबर प्रकाशित करने का उद्देश्य किसी विभाग या व्यक्ति पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कर क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग करना है।

Share.