जालौन में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, 290 से अधिक मरीजों का हुआ उपचार
जालौन। भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन एवं राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय जालौन नगर के संयुक्त तत्वावधान में मुख्य बाजार स्थित श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। इस दौरान 290 से अधिक रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
शिविर का शुभारंभ भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन की मातृशक्ति एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा सिंह राजपूत ने मां भारती, भगवान धन्वंतरि एवं स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर विधिवत शिविर का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर महिला संयोजिका श्रीमती ऊषा गुप्ता, श्रीमती कंचन अग्रवाल, श्रीमती साधना गुप्ता, श्रीमती रेखा गुप्ता, श्रीमती अनीता माहेश्वरी, श्रीमती अनीता गुप्ता, श्रीमती रेनू द्विवेदी, श्रीमती सुनीता सोनी, श्रीमती संध्या पटेल, श्रीमती रश्मि विश्नोई एवं श्रीमती उमा गुप्ता ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. पूजा सिंह राजपूत को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन के अध्यक्ष अनन्त गुप्ता ने अपने संबोधन में लोगों से आयुर्वेद को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद भारतीय चिकित्सा पद्धति की प्राचीन एवं महत्वपूर्ण परंपरा है और स्वस्थ जीवनशैली के साथ इसे अपनाकर लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो सकते हैं।
शिविर में डॉ. पूजा सिंह राजपूत, डॉ. आयुष, डॉ. भूपेंद्र, वर्षा कुशवाहा सहित चिकित्सकीय टीम ने मरीजों का परीक्षण किया। चिकित्सकों द्वारा वात व्याधि, चर्म रोग, विषम ज्वर, कास, प्रतिश्याय, उदर रोग, गृध्रसी, अतिसार, शिराशूल, पथरी, ग्रहणी एवं प्रदर आदि विभिन्न रोगों से संबंधित मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया।
शिविर के दौरान राहुल पाठक, अजीत सिंह एवं शानू सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मरीजों को आवश्यक दवाओं का निशुल्क वितरण कराया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन के अध्यक्ष अनन्त गुप्ता, मृत्युंजय श्रीवास्तव, सचिव अनुरुद्ध विश्नोई ‘नीटू’, प्रेम गुप्ता ‘कल्लू’, कोषाध्यक्ष राजकुमार सोनी, अरविंद श्रीवास्तव, पवन अग्रवाल, संतोष सोनी, संयोजक सुनील गुप्ता, संरक्षक अनिल माहेश्वरी, मनोज बाथम, चन्द्र प्रकाश गुप्ता, गौरव गुप्ता, अनिल खकसीस, पंकज अग्रवाल, संतोष पोरवाल, श्याम जी गुप्ता, कौशल गुप्ता, अश्विनी द्विवेदी सहित परिषद के अनेक सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर परिसर में आयोजित इस शिविर के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं निशुल्क उपलब्ध कराई गईं। शिविर में 290 से अधिक लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण से आयोजन की व्यापक पहुंच सामने आई।




