Spread the love

पीताम्बरा पीठ में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ बना आस्था का केंद्र, पीताम्बरा शास्त्री जी यज्ञवल्क्य द्विवेदी ने गणमान्य अतिथियों सहित सभी श्रद्धालुओं को दिया आशीर्वाद।

■ गोवर्धन लीला का भावपूर्ण वर्णन कर आचार्य धर्मेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने बताया भक्ति और प्रकृति संरक्षण का महत्व

बिठूर (कानपुर)। माँ बगलामुखी परमेश्वरी पीताम्बरा पीठ, बिठूर में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में कथा व्यास आचार्य धर्मेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। कथा के दौरान गोवर्धन लीला का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आचार्य श्री ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत धारण कर न केवल ब्रजवासियों की रक्षा की, बल्कि देवराज इंद्र के अहंकार का भी मर्दन किया।

आचार्य श्री ने गोवर्धन लीला का वर्णन करते हुए बताया कि एक बार ब्रजवासी देवराज इंद्र को प्रसन्न करने के लिए पूजा और यज्ञ की तैयारियां कर रहे थे। तब बाल स्वरूप भगवान श्रीकृष्ण ने नंद बाबा से पूछा कि इंद्र की पूजा क्यों की जा रही है। भगवान ने ब्रजवासियों को समझाया कि उनके जीवन का वास्तविक आधार गोवर्धन पर्वत, गौमाता, वनस्पति और प्रकृति है। गोवर्धन पर्वत उन्हें चारा, जल और जीवनयापन का आधार प्रदान करता है, इसलिए गोवर्धन और गौमाता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए।

भगवान श्रीकृष्ण की प्रेरणा से ब्रजवासियों ने इंद्र पूजा के स्थान पर गोवर्धन महाराज की पूजा की और तरह-तरह के पकवानों का भोग लगाया। जब देवराज इंद्र को इसकी जानकारी हुई तो वे क्रोधित हो गए। अपने अहंकार में उन्होंने ब्रजभूमि पर मूसलाधार वर्षा और भयंकर तूफान बरसाने के लिए प्रलयकारी मेघों को भेज दिया। लगातार बारिश से ब्रज में चारों ओर संकट उत्पन्न हो गया। ब्रजवासी अपने परिवार और गौधन की रक्षा के लिए भगवान श्रीकृष्ण की शरण में पहुंचे।

तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर विशाल गोवर्धन पर्वत उठा लिया और समस्त ब्रजवासियों, ग्वाल-बालों तथा गौमाता को पर्वत के नीचे सुरक्षित आश्रय प्रदान किया। सात दिन और सात रात तक लगातार वर्षा होती रही, लेकिन भगवान ने पर्वत को धारण कर सभी की रक्षा की। अंततः देवराज इंद्र को अपनी भूल और अहंकार का एहसास हुआ। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के समक्ष नतमस्तक होकर क्षमा मांगी।

आचार्य श्री ने इस प्रसंग के माध्यम से समझाया कि मनुष्य को कभी भी अपनी शक्ति, पद और प्रतिष्ठा का अहंकार नहीं करना चाहिए। भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। गोवर्धन लीला हमें प्रकृति संरक्षण, गौसेवा, सामूहिक एकता और ईश्वर के प्रति अटूट विश्वास का संदेश देती है।

कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और भक्तिमय प्रसंगों का भी वर्णन किया गया। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। विशेष रूप से ‘नगर में जोगी आया’ भजन की प्रस्तुति पर महिला एवं पुरुष श्रद्धालु झूमते और नृत्य करते दिखाई दिए। पूरा कथा पंडाल भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

इस अवसर पर कार्यक्रम में पहुंचे विधायक सागा जी का भी स्वागत एवं सम्मान किया गया। महाराज श्री ने उन्हें पट्टिका ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा स्मृति चिह्न के रूप में माँ पीताम्बरा का चित्र भेंट किया।

उल्लेखनीय है कि माँ बगलामुखी परमेश्वरी पीताम्बरा पीठ, बिठूर में 11 नवंबर से 17 नवंबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा व्यास आचार्य धर्मेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी के श्रीमुख से प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा के परीक्षित श्रीमती अर्चना द्विवेदी एवं यज्ञवल्क्य द्विवेदी हैं। समस्त द्विवेदी परिवार के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति 18 नवंबर को होगी। इस अवसर पर विशाल भंडारे का भी आयोजन किया जाएगा।

जन वार्ता पर फोकस न्यूज़ 24×7।

Share.

Vinay is a Great writer undoubtedly struggled to solve the problems, too, but managed to push through and establish amazing literary careers—as will you. Author vinay is cultivate a sense of relationship with prospective readers Thus, editing is done to achieve a balance of news between that originating within the organization and that pouring in from outside. Sorting out and sifting also helps induce parity between the well-written articles and those written by the inexperienced reporters