कोच सर्किल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 26 किलो से अधिक अवैध गांजा बरामद
उरई/जालौन। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत कोच सर्किल पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से कुल 26 किलो 699 ग्राम गांजा बरामद किए जाने की जानकारी दी है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र झांसी आकाश कुलहरि के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देश तथा अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के पर्यवेक्षण में की गई। अभियान का नेतृत्व सीओ कोच परमेश्वर द्वारा किया गया।
पहली कार्रवाई में थानाध्यक्ष कैलिया अवनीश पटेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रूपेन्द्र पाल, मुख्य आरक्षी अजीत सिंह तथा आरक्षी आदर्श और शशांक की टीम ने अरविन्द रायक्वार पुत्र सुदर्शन निवासी ग्राम मिहौनी, जनपद हमीरपुर तथा दिनेश रायक्वार पुत्र घनश्याम निवासी राठ, जनपद हमीरपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 1 किलो 185 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष एट शिवशंकर सिंह की टीम ने महेश सोनी पुत्र स्वर्गीय चेतन सोनी निवासी गोपालगंज, मऊरानीपुर, जनपद झांसी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक उसके कब्जे से 25 किलो 514 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की और उन्हें न्यायालय में पेश किया। पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।




