2 करोड़ की कथित रिश्वत का खेल! SOG ASP मुकेश सोनी हिरासत में, दलाल रंगे हाथ गिरफ्तार
उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए SOG के एडिशनल SP मुकेश कुमार सोनी से जुड़े कथित रिश्वत प्रकरण का खुलासा किया है।
ACB के अनुसार, मुकेश सोनी के कथित दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया। इसके बाद ACB टीम ने मुकेश सोनी को उनके बालोतरा स्थित आवास से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बाद में उन्हें गिरफ्तार किए जाने की भी रिपोर्ट सामने आई है।
272 भूखंड प्रकरण से जुड़ा है मामला
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उदयपुर के चर्चित 272 भूखंड प्रकरण की जांच से जुड़ी है। आरोप है कि मामले में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने तथा बरामद दस्तावेज वापस दिलाने के एवज में कथित तौर पर 2 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने ट्रैप की कार्रवाई की।
4 लाख असली, बाकी डमी नोट
रिपोर्टों के मुताबिक ट्रैप में 4 लाख रुपये के असली नोट और 1.96 करोड़ रुपये के डमी नोट रखे गए थे। दलाल द्वारा रकम लेने के दौरान ACB टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया।
ACB अब मुकेश सोनी और कथित दलाल से पूछताछ कर पूरे मामले में रिश्वत की मांग, लेन-देन और अन्य संभावित भूमिकाओं की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
Focus News 24×7 — Breaking Update





