विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों को लेकर डीएम ने परखी व्यवस्थाएं, विभिन्न विद्यालयों का किया स्थलीय निरीक्षण
देवरिया आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत निर्वाचन संबंधी तैयारियों को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपादित कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनपद के विभिन्न विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आईटीआई देवरिया, सनबीम स्कूल, सेंट्रल एकेडमी विद्यालय, नवजीवन मिशन स्कूल, पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया, सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवरिया, एसएसबीएल इंटर कॉलेज देवरिया, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज देवरिया एवं जनता इंटर कॉलेज, देवरिया में संभावित स्ट्रांग रूम तथा पोलिंग पार्टी रवानगी स्थल के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं एवं व्यवस्थागत संसाधनों का गहन अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित परिसरों की भौतिक स्थिति, उपलब्ध स्थान, आवागमन की सुगमता तथा निर्वाचन संबंधी गतिविधियों के संचालन की दृष्टि से आवश्यक सुविधाओं की उपयुक्तता का परीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित स्थलों पर निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का पूर्व आकलन कर लिया जाए। जहां कहीं भी अतिरिक्त संसाधनों अथवा व्यवस्थागत सुधार की आवश्यकता हो, उसे समय रहते चिह्नित कर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील दायित्व के निर्वहन में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए तथा स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, पोलिंग पार्टियों की रवानगी और अन्य निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सभी तैयारियां पूर्व में ही पूर्ण कर ली जाएं।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह सहित संबंधित अधिकारी गण आदि उपस्थित रहे।




