श्रद्धांजलि विशेष : स्वर्गीय श्रवण कुमार द्विवेदी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम व संगठन के आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन द्वारा आयोजित जिला स्तरीय बैठक में भावभीनी स्मृतियाँ साझा की गईं
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष श्री सालिगराम पांडेय की अध्यक्षता में आज एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया,
जिसमें स्वर्गीय श्रवण कुमार द्विवेदी जी के जीवन, व्यक्तित्व और पत्रकारिता जगत में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों, पत्रकार साथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया।
जिला अध्यक्ष श्री पांडेय ने कहा कि स्वर्गीय श्रवण कुमार द्विवेदी एक समर्पित, ईमानदार और दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी थे। उनका स्वभाव अत्यंत विनम्र, सहयोगी एवं प्रेरणादायक था। उन्होंने पत्रकारिता को केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा का माध्यम माना और इसे जमीनी स्तर से खड़ा कर, ग्रामीण क्षेत्रों की आवाज़ को राष्ट्रीय पटल तक पहुँचाने का अद्वितीय कार्य किया।
संगठन निर्माण में अविस्मरणीय योगदान दिया
1990 के दशक में जब ग्रामीण पत्रकारों को कोई मंच नहीं था, तब स्वर्गीय द्विवेदी जी ने सीमित संसाधनों के बावजूद ‘ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन’ की नींव रखी। वे गाँव-गाँव जाकर पत्रकारों को संगठित करते, उन्हें जागरूक करते और उनके हितों के लिए संघर्ष करते रहे। उनके नेतृत्व में संगठन ने पत्रकार सुरक्षा, प्रेस की स्वतंत्रता और पारदर्शिता के मुद्दों पर अनेक आंदोलन किए।
हमारा सहयोग और स्मृतियाँ
जिला अध्यक्ष सालिग राम पांडेय ने याद किया कि कैसे वे खुद भी द्विवेदी जी के साथ अनेक बार जनहित याचिकाएँ दाखिल करने, ग्रामीण समस्याओं की रिपोर्टिंग करने और पत्रकार अधिकारों के लिए धरना-प्रदर्शन में शामिल रहे। “वे हमेशा कहते थे — ‘सच्चाई की कलम सबसे बड़ी ताकत है’ और इसी आदर्श पर हम सबने काम किया,” श्री पांडेय ने कहा।आगे की योजनाएँ बैठक में निर्णय लिया गया कि स्वर्गीय द्विवेदी जी की स्मृति में हर वर्ष ‘श्रवण कुमार द्विवेदी ग्रामीण पत्रकारिता सम्मान’ दिया जाएगा, ताकि युवा पत्रकारों को प्रेरणा मिल सके।
साथ ही, उनकी लिखी रचनाओं और रिपोर्ट्स का एक संग्रह प्रकाशित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त संगठन की नई सदस्यता अभियान और पत्रकार प्रशिक्षण कार्यशाला की रूपरेखा भी तय की गई।
अंत में, सभी पत्रकार गणों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।




