चिरगांव में बढ़ते जाम से आम जनता बेहाल, अधिकारियों से समाधान की मांग तेज
रिपोर्ट – अनुराग तिवारी, पत्रकार
झांसी जिले के कस्बा चिरगांव में जाम की समस्या दिनों-दिन गंभीर होती जा रही है। धान लेकर आने वाले किसानों के ट्रैक्टर अक्सर गल्ला मंडी के आसपास बिना नियमों की परवाह किए सड़क के किनारे ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर भारी जाम लग जाता है। स्थिति यह रहती है कि आम लोगों को अपनी मोटरसाइकिल निकालने में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इधर, सरकारी रोडवेज बसें भी जाम के डर से कस्बे के अंदर न जाकर यात्रियों को बाईपास पर ही उतार रही हैं, जिसके कारण यात्रियों को लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलकर कस्बे में प्रवेश करना पड़ता है। बस ड्राइवरों का कहना है कि “चिरगांव गल्ला मंडी के पास हमेशा भारी जाम रहता है, इसलिए अंदर नहीं जा सकते।”
लगातार बढ़ती इस समस्या से आम जनता परेशान है। लोगों का कहना है कि सरकार और संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से इस दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया है कि—
■ मुख्य मार्ग को वन-वे सिस्टम किया जाए,
■ जरूरत के अनुसार सड़क को चौड़ा करवाया जाए,
■ ट्रैक्टर तथा भारी वाहनों के लिए अलग रुट अलग पार्किंग/स्टॉपिंग ज़ोन बनाया जाए,
गल्ला मंडी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सख्त किया जाए।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह समस्या अब हर दिन उत्पन्न हो रही है और यदि समय रहते समाधान नहीं निकाला गया, तो स्थिति और भी विकट हो सकती है। जनता ने अधिकारियों से जाम की समस्या पर तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।






