घने कोहरे ने रोकी ट्रेनों की रफ्तार, प्रयागराज में घंटों इंतजार को मजबूर हुए यात्री
सर्द मौसम के साथ छाए घने कोहरे का असर अब रेल यातायात पर साफ दिखाई देने लगा है। शनिवार को प्रयागराज आने-जाने वाली ट्रेनों की चाल थम सी गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुरक्षा कारणों से ट्रेनों की गति कम की गई, नतीजतन कई प्रमुख और वीआईपी ट्रेनें अपने तय समय से घंटों देरी से स्टेशन पहुंचीं।
प्रयागराज जंक्शन पर दिनभर लेटलतीफी का सिलसिला चलता रहा। सुबह 7 बजे पहुंचने वाली 12418 प्रयागराज एक्सप्रेस लगभग दो घंटे की देरी से करीब 9 बजे स्टेशन पर आई। इसी तरह 22415 वाराणसी–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस भी एक घंटे से अधिक लेट रही। 12312 नेताजी एक्सप्रेस करीब तीन घंटे की देरी से पहुंची, जबकि 12276 हमसफर एक्सप्रेस एक घंटे, 12428 रीवा एक्सप्रेस दो घंटे और 15003 चौरी-चौरा एक्सप्रेस लगभग एक घंटे देरी से प्रयागराज पहुंची।
स्पेशल ट्रेनों की स्थिति और ज्यादा खराब रही। दरभंगा से चलने वाली 06212 स्पेशल ट्रेन करीब 10 घंटे की भारी देरी से संचालित हो रही थी। वहीं 00327 एसएमवीबी स्पेशल ट्रेन भी लगभग 8 घंटे लेट बताई गई, जिससे यात्रियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
स्टेशन पर ट्रेनों के इंतजार में बैठे यात्रियों ने ठंड और कोहरे के बीच लंबा समय बिताया। कई यात्रियों ने प्लेटफॉर्म पर बार-बार अनाउंसमेंट बदलने से नाराजगी भी जताई।
उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अमित मालवीय ने बताया कि कोहरे की वजह से रेल संचालन में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है, इसी कारण ट्रेनों की रफ्तार नियंत्रित रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी लोको पायलट फॉग डिवाइस का उपयोग कर रहे हैं, जिससे कम दृश्यता के बावजूद सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया जा सके।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि सफर से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।





