जनपद जालौन बना विकास और राजस्व रैंकिंग में प्रदेश का नंबर एक जिला

जनपद जालौन ने उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं और परियोजनाओं के अनुश्रवण के लिए तैयार की गई दिसंबर 2024 की रैंकिंग में प्रदेशभर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से की गई इस रैंकिंग में विकास और राजस्व से जुड़े सभी विभागों के कार्यों का समग्र मूल्यांकन किया गया।

इसमें राजस्व, विकास, खाद्य रसद, भूतत्व एवं खनिकर्म, नगर विकास, आबकारी, स्टाम्प, चिकित्सा स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, पशुधन, और शिक्षा सहित अन्य विभागों की विभिन्न योजनाओं के प्रदर्शन को आधार बनाया गया।

जनपद जालौन की इस उपलब्धि में जिलाधिकारी के नेतृत्व में सभी विभागों की परियोजनाओं और कार्यों के गहन अनुश्रवण की प्रमुख भूमिका रही।

अधिकांश मानकों पर जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे समेकित रूप से विकास और राजस्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई।

इस रैंकिंग में हमीरपुर दूसरे स्थान पर, अंबेडकरनगर तीसरे स्थान पर, महाराजगंज चौथे स्थान पर और बदायूं पांचवें स्थान पर रहे। झांसी मंडल का जिला झांसी 16वें स्थान पर और ललितपुर 32वें स्थान पर रहा।

जालौन की यह सफलता प्रशासनिक प्रतिबद्धता, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विकास के प्रति समर्पित दृष्टिकोण का परिणाम है, जिसने जिले को प्रदेश में शीर्ष स्थान दिलाया।

 

Share.

कार्तिकेय गुबरेले(पत्रकार) जिला ब्यूरो चीफ क्राइम फोकस न्यूज 24×7 उरई (जालौन)