Spread the love

जिलाधिकारी ने क्रय-विक्रय संपत्तियों के मूल्यांकन में प्रयुक्त स्टाम्प मूल्य का किया स्थलीय निरीक्षण

देवरिया,। जिलाधिकारी श्री मधुसूदन हुल्गी ने आज क्रय-विक्रय की गई तीन संपत्तियों के मूल्यांकन में प्रयुक्त स्टाम्प मूल्य की वास्तविक स्थिति का स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान तीनों संपत्तियों में अभिलेखों के अनुसार प्रयुक्त स्टाम्प मूल्यांकन सही पाया गया।

जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम तहसील सदर अंतर्गत अहिलवार बुजुर्ग स्थित लकी सीड मिल की विक्रय संपत्ति का स्थलीय निरीक्षण किया। उक्त संपत्ति आनंद सिंह द्वारा राकेश मिश्रा को विक्रय की गई थी, जिसकी कीमत लगभग 01 करोड़ 39 लाख रुपये थी। मौके पर निरीक्षण के दौरान अभिलेखों के अनुसार संपत्ति के मूल्यांकन में प्रयुक्त स्टाम्प मूल्य सही पाया गया।

इसके उपरांत जिलाधिकारी ने बास देवरिया में विक्रेता संजय कुमार द्वारा पवन कुमार त्रिपाठी को विक्रय की गई लगभग 01 करोड़ 75 लाख रुपये की संपत्ति का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में इस संपत्ति के विक्रय में अभिलेखों के अनुसार प्रयुक्त स्टाम्प मूल्य भी सही पाया गया।

तत्पश्चात जिलाधिकारी ने विकासखंड गौरी बाजार अंतर्गत देवगांव में आलोक एवं मनोज सिंह द्वारा जितेंद्र कुमार मिश्रा को विक्रय की गई लगभग 01 करोड़ 07 लाख 79 हजार रुपये मूल्य की कृषि योग्य भूमि का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उक्त भूमि के विक्रय में प्रयुक्त मूल्यांकन एवं स्टाम्प मूल्य भी अभिलेखों के अनुसार सही पाया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि क्रय-विक्रय की जाने वाली संपत्तियों में निर्धारित मूल्यांकन के अनुरूप ही स्टाम्प मूल्य का सही ढंग से प्रयोग सुनिश्चित किया जाए। मूल्यांकन में किसी प्रकार की कमी या अनियमितता पाए जाने पर स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा तथा स्टाम्प मूल्य में कमी पाए जाने की स्थिति में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अहिलवार बुजुर्ग में उप जिलाधिकारी सदर तथा देवगांव में नायब तहसीलदार एवं सब-रजिस्ट्रार श्री अजय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share.