Spread the love

बिजली की आंख-मिचौली से परेशान किसानों ने 33 केवीए केंद्र पर जड़ा ताला, 15 दिन में ट्रांसफार्मर बदलने का आश्वासन

मोंठ। समथर थाना क्षेत्र के ग्राम लोहागढ़ में बिजली की लगातार आंख-मिचौली और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के कारण परेशान किसानों एवं ग्रामीणों का सब्र आखिरकार जवाब दे गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों और किसानों ने एकजुट होकर 33 केवीए विद्युत केंद्र का घेराव किया और केंद्र पर ताला जड़ दिया।
ग्रामीणों के विरोध की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।
ग्रामीणों का कहना था कि 33 केवीए केंद्र पर कम क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा होने के कारण क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। जब तक अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर नहीं लगाया जाता, तब तक समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है और ताला नहीं खोला जाएगा।
मामले की जानकारी मिलने पर अवर अभियंता मोंठ सहित विद्युत विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही मोंठ-समथर-गरौठा क्षेत्र के विधायक जवाहरलाल राजपूत भी ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं।
मौके की स्थिति को देखते हुए विधायक ने ग्रामीणों को 15 दिन के भीतर अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद किसानों और ग्रामीणों ने 33 केवीए केंद्र का ताला खोल दिया।
अब देखना यह होगा कि 15 दिन में विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर बदलकर ग्रामीणों की समस्या का स्थायी समाधान किया जाता है या फिर यह आश्वासन महज आश्वासन बनकर रह जाता है।
मोंठ से संवाददाता जहूर अहमद खान की रिपोर्ट।

Share.