बुढ़वा मंगल पर जालौन में आस्था का सैलाब, मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
■ जगह-जगह भंडारों का आयोजन, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
जालौन। बुढ़वा मंगल के पावन पर्व पर मंगलवार को जालौन नगर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नगर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने हनुमान जी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की कामना की।
मान्यता है कि बुढ़वा मंगल का पर्व भगवान हनुमान की भक्ति, आस्था और सेवा भाव से जुड़ा विशेष अवसर है। इस दिन श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन करते हैं और धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। पूरे नगर में जगह-जगह जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे गूंजते नजर आए।
इसी क्रम में जालौन सेवा समिति के तत्वावधान में नगर के विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। मोती मस्जिद के पास, देवनगर चौराहा, 21 फुट हनुमान मंदिर, घाट वाली माता फाटक तथा हनुमान मंदिर सहित अन्य स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई।
भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों और समिति के कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से प्रसाद वितरित किया गया। हजारों लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण कर धार्मिक आयोजन में सहभागिता निभाई।
पूरे आयोजन के दौरान नगर में भक्ति और सेवा की भावना दिखाई दी। मंदिरों में दर्शन-पूजन के साथ श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और भगवान हनुमान से परिवार एवं समाज की सुख-शांति तथा समृद्धि की प्रार्थना की।
रिपोर्ट — महेश चौधरी, जालौन





