फसल में लगी आग से किसानों की मेहनत राख — 50 बीघा गेहूं जलकर खाक

रिपोर्ट: पं. विवेक तिवारी | फोकस न्यूज़ 24×7

झांसी, मोठ (ग्राम बडेरा) — मोठ तहसील के ग्राम बडेरा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब 11,000 वोल्ट की हाई टेंशन लाइन के ट्रांसफार्मर से अचानक निकली चिंगारी ने खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को आग की लपटों में झोंक दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और लगभग 50 से 100 बीघा फसल जलकर राख हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस व फायर ब्रिगेड को अवगत कराया। जब तक दमकल की गाड़ियाँ मौके पर पहुंची, तब तक दयाल सिंह, साहब सिंह, विजय सिंह, संतराम और करतार सिंह सहित कई किसानों की पकी हुई फसल पूरी तरह से नष्ट हो चुकी थी।

आग इतनी तेजी से फैली कि गांव की घनी आबादी तक पहुंचने लगी, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई। दमकल विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसानों की मेहनत राख में तब्दील हो चुकी थी।

घटना की जानकारी मिलते ही गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत मौके पर पहुंचे और उन्होंने पीड़ित किसानों से मुलाकात की। मौके पर ही विभागीय अधिकारियों से बातचीत कर उन्होंने किसानों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की। विधायक ने भरोसा दिलाया कि शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।

फिलहाल घटना के बाद क्षेत्र में मातम जैसा माहौल है और किसान प्रशासन से जल्द राहत की उम्मीद कर रहे हैं।

Share.