एसओजी, सर्विलांस व कोतवाली जालौन पुलिस ने लूट करने वाले गिरोह का किया पर्दाफाशl
■ अंतरजनपदीय गैंग के 5 सदस्य लूट के माल समेत गिरफ्तार, आपसी रिश्तेदार निकले सभी आरोपी
उरई (जालौन)। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लूट और टप्पेबाजी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम कसते हुए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। झांसी मंडल के पुलिस उपमहानिरीक्षक केशव कुमार चौधरी के निर्देश पर जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने अपराधियों की गिरफ्तारी और घटनाओं के खुलासे के लिए तीन विशेष टीमें गठित की थीं।
इन टीमों में एसओजी प्रभारी वरुण प्रताप सिंह, सर्विलांस प्रभारी रिंकू चौधरी और कोतवाली जालौन के प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह को शामिल किया गया। इन टीमों की सतर्कता और रणनीति के चलते पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
पुलिस ने अंतरजनपदीय लूट गिरोह के तीन पुरुष अभियुक्तों और दो महिला अभियुक्ताओं को लूट के सामान समेत गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं, जो मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के पास से लूट में प्रयुक्त सामग्री और नगदी बरामद की गई है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेस वार्ता में विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
(Focus News 24×7)





