गाजियाबाद में गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती पर पुलिस अधिकारियों ने लिया सत्य-अहिंसा और कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
गाजियाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गाजियाबाद पुलिस द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान एसीपी केशव कुमार चौधरी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को आत्मसात करने की शपथ दिलाई।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों एवं सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर जनसेवा, ईमानदारी और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
एसीपी ने कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के प्रति संवेदनशीलता, निष्पक्षता और सेवा भाव भी पुलिस की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रसेवा और अपने कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।






