जालौन में आईजी रेंज झांसी की जनसुनवाई, लापरवाही पर सख्त रुख

जालौन। आईजी रेंज झांसी आकाश कुलहरि शुक्रवार को जालौन दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई आयोजित कर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों फरियादियों की शिकायतें गंभीरता से सुनीं। आईजी ने एक-एक प्रकरण की जानकारी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान महिला उत्पीड़न से जुड़े एक मामले में पुलिस की कार्यवाही असंतोषजनक पाए जाने पर आईजी आकाश कुलहरि ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने संबंधित चौकी इंचार्ज को कड़ी फटकार लगाई और मामले के विवेचक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए।
आईजी ने स्पष्ट कहा कि महिला अपराधों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
आईजी ने अधिकारियों को चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक देरी या लापरवाही सामने आने पर कठोर कार्रवाई तय है। उन्होंने कहा कि पीड़ितों को बार-बार थाने और चौकी के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के बाद आईजी ने लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की और महिला अपराध, भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों व मारपीट की घटनाओं में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर भी जोर दिया।
आईजी आकाश कुलहरि ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी आम जनता को न्याय दिलाना है और पुलिस की छवि भरोसेमंद होनी चाहिए।
👉 निलंबन को लेकर स्थिति स्पष्ट
इस दौरान किसी भी पुलिसकर्मी के तत्काल निलंबन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल संबंधित विवेचक के खिलाफ विभागीय जांच/कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
आईजी के इस सख्त रुख से पुलिस महकमे में अनुशासन का माहौल देखा गया, वहीं फरियादियों को अपनी शिकायतों पर न्याय की उम्मीद बंधी है।

Share.