चिरगांव थाना परिसर का एसपी ग्रामीण झांसी डॉ. अरविंद कुमार ने किया औचक निरीक्षण
रिपोर्ट: अनुराग तिवारी, पत्रकार
चिरगांव (झांसी)। थाना चिरगांव परिसर में आज पुलिस अधीक्षक ग्रामीण झांसी डॉ. अरविंद कुमार ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ थाना प्रभारी कुलदीप कुमार तिवारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक आनंद सिंह सहित थाना का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने महिला डेस्क, शस्त्र गृह, लंबित प्रकरणों की फाइलें, रसोईघर एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण में थाना की समग्र व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने थाना परिसर में कार्यरत चौकीदारों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया, जिससे उनका उत्साहवर्धन हुआ। इसके साथ ही उन्होंने थाना परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से एसपी ग्रामीण ने थाना परिसर में स्थित सुख वृक्ष को हटवाने तथा थाना परिसर के पीछे सुरक्षा दीवार निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना स्टाफ की कार्यशैली, अनुशासन एवं व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि इसी प्रकार बेहतर कार्य करते हुए जनता को निष्पक्ष और त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।





