भागीरथ भारद्वाज इंटर कॉलेज में छात्रों को नए कानूनों की दी गई जानकारी

■ थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे बोले — कानून की जानकारी हर नागरिक के जीवन का जरूरी हिस्सा

पूंछ (झांसी)। भागीरथ भारद्वाज इंटर कॉलेज पूंछ में गुरुवार को विधिक जागरूकता एवं सुरक्षा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए कानूनों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में थाना अध्यक्ष श्री वेद प्रकाश पांडे, एस.आई. दलवीर सिंह, महिला कांस्टेबल अनीशा राजपूत एवं महिला कांस्टेबल समता सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

थानाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि —

कानून की जानकारी रखना हर नागरिक के लिए आवश्यक है। जब समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने अधिकारों और कर्तव्यों को समझेगा, तभी कानून व्यवस्था मजबूत होगी और अपराधों में कमी आएगी।”

उन्होंने छात्रों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 112 नंबर पर संपर्क करें, साथ ही महिला सुरक्षा हेतु 1090 व 181 नंबरों का उपयोग करने की जानकारी दी।

महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम पर दी गई जानकारी

महिला कांस्टेबल अनीशा राजपूत एवं समता सिंह ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और साइबर क्राइम से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर सतर्कता और सावधानी बहुत जरूरी है। किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।

एस.आई. दलवीर सिंह ने कहा कि कानून समाज में संतुलन बनाए रखने का माध्यम है, इसलिए विद्यार्थियों को इसे समझने और सम्मान देने की आदत डालनी चाहिए।
प्रधानाचार्य अशोक तिवारी ने किया स्वागत, जताया आभार

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अशोक तिवारी ने पुलिस टीम का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में न केवल विधिक समझ को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी की भावना को भी मजबूत करते हैं।”
विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार प्रकट किया गया छात्रों ने उत्साहपूर्वक लिया भाग
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। सभी ने कानून और सुरक्षा से जुड़े कई प्रश्न पूछे जिनका अधिकारियों ने विस्तारपूर्वक उत्तर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह और सीखने की भावना देखने को मिली।

संवाददाता पंडित तिवारी फोकस न्यूज 24×7

Share.