Spread the love

जनता दर्शन में आए फरियादियों की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में सलेमपुर तहसील अंतर्गत ग्राम इटहुआ निवासी गीता देवी, पत्नी अभय यादव ने प्रार्थना-पत्र प्रस्तुत कर बताया कि उनके पति गंभीर रूप से बीमार हैं। इलाज में पूरी जमा-पूंजी खर्च हो चुकी है और वर्तमान में आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर होने के कारण उपचार कराना संभव नहीं हो पा रहा है। उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनवाने का अनुरोध किया। इसी प्रकार विकासखंड भटनी अंतर्गत ग्राम पड़ौली निवासी राजमती देवी, पत्नी रामनाथ प्रसाद ने भी परिवार के उपचार के लिए आयुष्मान कार्ड जारी कराने का अनुरोध किया।जिलाधिकारी ने दोनों प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पात्रता के अनुसार तत्काल आयुष्मान कार्ड बनवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद एवं पात्र व्यक्तियों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए।
जनता दर्शन के दौरान ही भलुअनी नगर पंचायत निवासी साधनी देवी ने दिव्यांग पेंशन बंद होने की शिकायत करते हुए उसे पुनः संचालित कराने का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर पात्रता के अनुसार दिव्यांग पेंशन शीघ्र बहाल कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता दर्शन में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का गंभीरता, संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ निस्तारण किया जाए तथा पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए।

Share.