लखनऊ: यूपी रेरा ने 10 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को दी मंजूरी।
■ 5 जिलों में ₹1412.55 करोड़ के निवेश को मिली हरी झंडी।
■ नई परियोजनाओं में 1632 आवासीय और व्यावसायिक इकाइयां बनेंगी।
■ गाजियाबाद में सबसे अधिक ₹957.20 करोड़ का निवेश।
■ गौतमबुद्ध नगर में 680 व्यावसायिक इकाइयों का होगा निर्माण।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रियल एस्टेट क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में यूपी रेरा ने बड़ा फैसला लिया है। यूपी रेरा की 207वीं अथॉरिटी बैठक में प्रदेश के पांच जिलों में 10 नई रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। इन परियोजनाओं में कुल 1412.55 करोड़ रुपये के निवेश का रास्ता साफ हुआ है।
बैठक की अध्यक्षता यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने की। स्वीकृत परियोजनाओं के तहत प्रदेश में कुल 1632 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों का विकास किया जाएगा।
इन परियोजनाओं में गाजियाबाद सबसे आगे रहा, जहां दो बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। यहां करीब 957.20 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।
वहीं गौतमबुद्ध नगर में तीन व्यावसायिक परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। इन परियोजनाओं के तहत करीब 680 व्यावसायिक इकाइयों का निर्माण किया जाएगा।
लखनऊ में तीन नई परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है। इनसे करीब 215 आवासीय एवं व्यावसायिक इकाइयों के विकसित होने की उम्मीद है। इसके अलावा गोरखपुर में एक मिश्रित परियोजना और मुरादाबाद में एक नई आवासीय परियोजना को भी मंजूरी प्रदान की गई है।
यूपी रेरा ने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं के विकास में रेरा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप समयबद्धता और पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही घर खरीददारों के हितों की सुरक्षा और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नियामकीय निगरानी जारी रहेगी।
यूपी रेरा के इस फैसले से प्रदेश के रियल एस्टेट क्षेत्र में नए निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।






