देवरिया डिपो में संविदा चालकों के 51 पदों पर भर्ती, विभिन्न स्थानों पर लगेगा कैंप
देवरिया. सहायक, क्षेत्रीय प्रबन्धक कपिलदेव प्रसाद ने बताया है कि देवरिया डिपो में संविदा चालक के पद पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त 2026 से शुरू हो गई है। वर्तमान में डिपो में संविदा चालकों के 51 पद रिक्त हैं। रिक्त पदों के सापेक्ष इच्छुक अभ्यर्थियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। बसों की उपलब्धता के अनुसार रिक्त पदों की संख्या घटाई या बढ़ाई जा सकती है।
संविदा चालक भर्ती के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रुद्रपुर बस स्टेशन में 13 अगस्त, मगहरा चौराहा में 18 अगस्त, रकहट चौराहा में 21 अगस्त, विशुनपुरा बाजार में 25 अगस्त, पकहां चौराहा में 2 सितंबर, नवलपुर चौराहा में 5 सितंबर, लार ब्लॉक सभागार में 8 सितंबर, तरकुलवां बाजार में 11 सितंबर, भाटपाररानी तहसील के बगल में 15 सितंबर तथा सोहनपुर इंटरमीडिएट कॉलेज में 18 सितंबर 2026 को भर्ती कैंप आयोजित किया जाएगा।
भर्ती के लिए अभ्यर्थी के पास भारी वाहन चलाने का कम से कम दो वर्ष पुराना वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना आवश्यक है। इसके अलावा शैक्षिक योग्यता न्यूनतम कक्षा आठ उत्तीर्ण, आधार कार्ड, न्यूनतम आयु 23 वर्ष छह माह तथा न्यूनतम लंबाई पांच फीट तीन इंच निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को दो पासपोर्ट साइज फोटो भी प्रस्तुत करनी होंगी। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आवश्यक अभिलेखों के साथ भर्ती कैंप में प्रतिभाग कर सकते हैं।






