उरई। महाकुंभ 2025 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्राधिकारी नगर/यातायात द्वारा रोडवेज कोंच बस स्टैंड, उरई में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में रोडवेज और प्राइवेट बस चालकों व कंडक्टरों को यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से जालौन से प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक में क्षेत्रीय परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश रोडवेज और स्थानीय यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रमुख समाजसेवियों ने भी भाग लिया। इसमें श्री राजेश कुमार वर्मा, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ), उरई; श्री कमल आर्य, एआरएम, उत्तर प्रदेश रोडवेज, उरई; और श्री वीर बहादुर सिंह, प्रभारी यातायात, उरई ने अपने विचार रखे और आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने चालकों से यात्रा के दौरान गति सीमा का पालन करने, ओवरलोडिंग से बचने और निर्धारित मार्गों पर ही बसों का संचालन सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही, यात्रियों के प्रति विनम्र व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में समाजसेवियों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही। श्री अजय इटोरिया और अलीम सर जैसे सक्रिय समाजसेवियों ने यात्री सुविधा और सहयोग को बेहतर बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए। उन्होंने महाकुंभ जैसे विशाल आयोजन के दौरान संभावित चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए उनके समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई।





