मकर संक्रांति मेला का हुआ शुभारंभ

रिपोर्ट : अनुराग तिवारी, पत्रकार

झांसी। झांसी जनपद अंतर्गत परीक्षा डैम परिसर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पारंपरिक मेले का शुभारंभ हुआ। मेले में आसपास के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक अपने परिवार और बच्चों के साथ पहुंचे।
बताया जा रहा है कि यह मेला वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसे देखने के लिए लोग खास उत्साह के साथ यहां आते हैं। बच्चों में मेले को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला, वहीं परिवारजन भी मेले का आनंद लेते नजर आए।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी चिरगांव थाना पुलिस के जिम्मे रही। मेला प्रभारी के रूप में पाण्डेय जी को नियुक्त किया गया है। उनके साथ पुलिस स्टाफ, महिला पुलिसकर्मी एवं सिपाही तैनात रहे। पुलिस द्वारा पूरे मेला क्षेत्र में लगातार गश्त की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इसके साथ ही चोर-उचक्कों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जिससे मेले में आए लोगों को सुरक्षित माहौल मिल सके। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोपहिया वाहनों की पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था कराई गई है।
मेले में चिरगांव पुलिस की सतर्कता और व्यवस्थाएं आम जनता के बीच चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे सराहनीय बताया।

Share.