क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित, जिलाधिकारी ने किया जागरूक
देवरिया कलेक्ट्रेट परिसर में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में क्षय रोगियों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस अवसर पर उपस्थित मरीजों को समय पर दवा सेवन और संतुलित आहार के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से ही लक्ष्य की पूर्ति संभव नहीं है, बल्कि सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों को भी इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी होगी। उन्होंने रेड क्रॉस सोसायटी के कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि संस्था अब तक 500 से अधिक क्षय रोगियों को गोद ले चुकी है और आज के कार्यक्रम में 20 नए मरीजों को गोद लिया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बड़े श्रमजीवी संगठन और अधिवक्ता बंधु भी इस मुहिम में आगे आ रहे हैं। उन्होंने अपील की कि जिसकी जितनी क्षमता हो, उतने मरीजों को गोद लेकर “क्षय मुक्त भारत” अभियान को सफल बनाने में योगदान दें।






