संविधान दिवस के अवसर पर संविधान के संवैधानिक मूल्यों एवं मूलभूत सिद्धान्तों पर आधारित कार्यक्रम होगा आयोजित
देवरिया जिलाधिकारी अखण्ड प्रताप सिंह ने बताया है कि भारत के संविधान को अंगीकृत किये जाने की तिथि 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। संविधान दिवस पर संविधान के मूल्यों एवं सिद्धान्तों का उल्लेख करते हुए विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम प्रति वर्ष आयोजित किये जाते हैं। समारोह का मुख्य कार्यक्रम संविधान के आदर्शों को बनाये रखने हेतु हमारी प्रतिबद्धता एवं संविधान की प्रस्तावना का पाठन किया जाना है।
गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी संविधान दिवस के अवसर पर राज्य सरकार के कार्यालयों, स्वायत्तशासी निकायों/संगठनों, स्थानीय निकायों एवं शैक्षणिक संस्थानों में 26 नवम्बर, 2023 को पूर्वाह्न 11 बजे संविधान की प्रस्तावना का पाठन करने के साथ ही संविधान दिवस के अवसर पर MyGov Portal पर आनलाइन पाठन कर प्रमाण पत्र डाउनलोड किये जाने का भी प्राविधान किया गया है। संविधान दिवस के अवसर पर संविधान के संवैधानिक मूल्यों एवं मूलभूत सिद्धान्तों पर आधारित वाद-विवाद, बेबिनार, गोष्ठी आदि का भी आयोजन किया जाएगा।






