अपहृत युवक की तलाश में हरियाणा जा रही पुलिस टीम सड़क हादसे का शिकार, 5 की मौत
उरई (जालौन) — अपहृत युवक की सकुशल बरामदगी के लिए हरियाणा जा रही जालौन पुलिस टीम एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो उपनिरीक्षक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे पुलिस विभाग और जनपद में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली उरई में दर्ज अभियोग संख्या 256/2026 में अपहृत युवक बिजेंद्र की तलाश के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। टीम में उपनिरीक्षक सत्यभान, उपनिरीक्षक मोहित यादव, आरक्षी अशोक कुमार, प्रदीप कुमार और वादी अमरीक सिंह शामिल थे।
बताया जा रहा है कि हरियाणा के नूंह (Nuh) जिले में उनकी गाड़ी की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई। मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे जिले में गमगीन माहौल है।
पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूरे जिले में शोक, पुलिस महकमे में मातम
इस दर्दनाक हादसे ने न सिर्फ पुलिस विभाग बल्कि आम जनता को भी झकझोर कर रख दिया है। हर किसी के चेहरे पर दुख और संवेदना साफ झलक रही है।






