सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान शेखपुर बुजुर्ग इंटर कॉलेज में छात्रों को बताए गए यातायात नियम
उरई जालौन। जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह के निर्देश पर जालौन सर्किल के ग्राम शेखपुर बुजुर्ग स्थित कर्नल ईश्वरी सिंह इंटर कॉलेज में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र छात्राओं को सुरक्षित यातायात के नियमों की जानकारी देकर उनका पालन करने का संकल्प दिलाया गया।
गोष्ठी की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमनाथ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में यातायात प्रभारी वीरबहादुर सिंह उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ओमप्रकाश उदैनियां रहे। संचालन का दायित्व कार्यालय प्रभारी संजय सिंह सेंगर ने निभाया।
यातायात प्रभारी वीरबहादुर सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 18 वर्ष से कम आयु में वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, तीन सवारी न बैठाएं तथा नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
मुख्य वक्ता ओमप्रकाश उदैनियां ने कहा कि मुख्य सड़क पर चढ़ने से पहले दाएं-बाएं देखकर ही वाहन आगे बढ़ाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल न करें और निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
प्रधानाचार्य प्रेमनाथ ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि सभी नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों का कठोरता से पालन करना चाहिए, क्योंकि सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन की कुंजी है।
कार्यक्रम में मुख्य आरक्षी अजीत यादव, सुभाष गौतम, विवेक कुलश्रेष्ठ, डॉ. अमित तिवारी, शशांक शेखर, अनिल मेहरोत्रा, रामेंद्र गुप्ता, महेश बघेल, गंगाराम, शिव प्रकाश, राम सिंह, श्रीमती गीता देवी, श्रीमती भारती शर्मा, श्रीमती नाजिया बेगम, राधेश्याम, सुशील सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।




