जिला कारागार देवरिया में विधिक जागरूकता शिविर, सचिव ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट –अख्तर अली Focus News 24×7
देवरिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया के तत्वावधान में आज जिला कारागार में विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
इस दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती शैलजा मिश्रा ने जेल में निरुद्ध बंदियों को उनके विधिक अधिकारों एवं कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। साथ ही उन्होंने बंदियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कार्यक्रम के उपरांत सचिव द्वारा जिला कारागार का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कारागार चिकित्सालय का भी निरीक्षण कर बंदियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की गई और उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के समाधान हेतु कारागार प्रशासन को विशेष निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला कारागार अधीक्षक आशीष रंजन, कारापाल राजकुमार वर्मा, एलएडीसीएस के सदस्य एवं जेल वार्डन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य बिंदु:
जिला कारागार में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
बंदियों को दिए गए उनके अधिकारों की जानकारी
भोजन व्यवस्था व स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण
समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश





