श्री गोरखनाथ मंदिर में सप्त दिवसीय पुण्यतिथि समारोह, महंत अवेद्यनाथ जी की स्मृतियों को किया नमन
गोरखपुर। युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज की 57वीं एवं राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित सप्त दिवसीय पुण्यतिथि समारोह के अंतर्गत विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम गोरक्षपीठाधीश्वर एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महंत योगी आदित्यनाथ जी महाराज के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, धर्माचार्यों और विशिष्ट अतिथियों ने भाग लेकर महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाराणा प्रताप शिक्षा परिषद के सदस्य डॉ. राम जन्म सिंह की पुस्तक ‘रामकथा के प्रथम बलिदानी जटायु’ का विमोचन किया। इसके बाद पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों एवं विशिष्ट अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युगपुरुष ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ जी महाराज और राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज के जीवन-चरित का अध्ययन सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके जीवन और विचारों से समाज एवं राष्ट्र के प्रति सेवा, समर्पण और कर्तव्यबोध की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की पावन स्मृतियों को नमन करते हुए उनके श्रीचरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की।
फोकस न्यूज़ 24×7 | गोरखपुर डेस्क






