लूटकांड के सफल खुलासे पर एसओजी प्रभारी रिंकू सिंह सम्मानित, एसपी ने प्रशस्ति-पत्र देकर बढ़ाया उत्साह
उरई, जालौन। जनपद जालौन में अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सिंह (आईपीएस) ने एसओजी प्रभारी रिंकू सिंह को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। थाना एट क्षेत्र में हुई लूट की वारदात का त्वरित खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और लूटा गया सामान बरामद करने पर यह सम्मान प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को थाना एट क्षेत्र में हुई लूट की घटना के बाद एसओजी और थाना एट पुलिस की संयुक्त टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने लूटी गई मोटरसाइकिल और नकदी भी बरामद कर घटना का सफल अनावरण किया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर आमजन का भरोसा और मजबूत हुआ।
सम्मान समारोह के दौरान एसपी विजय कुमार सिंह ने कहा कि एसओजी प्रभारी रिंकू सिंह ने पूरी लगन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उनका उत्कृष्ट प्रदर्शन जनपद पुलिस के लिए प्रेरणादायक है और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए भी एक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
प्रशस्ति-पत्र प्रदान करते हुए पुलिस अधीक्षक ने रिंकू सिंह के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि वे आगे भी इसी समर्पण और कार्यकुशलता के साथ जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।






