एम्बुलेंस की आड़ में करोड़ों के नेटवर्क का खुलासा, 80 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार
आगरा। आगरा पुलिस ने एत्मादपुर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस की आड़ में अंतरराज्यीय शराब तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 80 पेटी अंग्रेजी शराब, एक एम्बुलेंस और एक थार वाहन बरामद किया है। जब्त शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी हरियाणा और पंजाब से अंग्रेजी शराब लाकर बिहार में सप्लाई करते थे। तस्करी के लिए एम्बुलेंस का इस्तेमाल किया जाता था, जिससे सायरन बजाकर ट्रैफिक में आसानी से रास्ता मिल जाता था। वहीं, आगे चल रही थार गाड़ी पायलट वाहन की भूमिका निभाती थी, जिससे रास्ते की निगरानी की जा सके।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह पुलिस की नजर से बचने के लिए प्रत्येक राज्य की सीमा पार करते समय एम्बुलेंस और थार दोनों वाहनों की नंबर प्लेट बदल देता था। इस सुनियोजित तरीके से लंबे समय से शराब की तस्करी की जा रही थी।
डीसीपी पश्चिमी आदित्य ने बताया कि पुलिस गिरोह के पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन और इसमें शामिल अन्य तस्करों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच में इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं।






