Spread the love

मानदेय भुगतान को लेकर प्रेरकों की बैठक सम्पन्न, एकजुट होकर उठाई आवाज

भाटपार रानी/सलेमपुर। आज दिनांक 21 मई 2026 को भाटपार रानी एवं सलेमपुर ब्लॉक के सभी प्रेरक बंधुओं ने भाटपार रानी स्थित बीआरसी परिसर में एकजुट होकर अपने लंबित मानदेय भुगतान को लेकर बैठक आयोजित की। बैठक में बड़ी संख्या में प्रेरकों की उपस्थिति रही, जहां सभी ने एक स्वर में अपनी समस्याओं को रखते हुए जल्द समाधान की मांग की।
बैठक का आयोजन पूर्व समन्वयक श्री अंगनात प्रसाद के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान उन्होंने प्रेरकों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि लंबे समय से मानदेय भुगतान लंबित रहने के कारण प्रेरकों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

भाटपार रानी एवं सलेमपुर ब्लॉक के सभी प्रेरक बंधुओं

उन्होंने कहा कि प्रेरक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके मानदेय का समय पर भुगतान होना आवश्यक है।
बैठक में उपस्थित प्रेरकों ने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे प्रेरकों में नाराजगी व्याप्त है। सभी ने एकजुटता दिखाते हुए निर्णय लिया कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आगे रणनीति बनाकर उच्च अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी।
बैठक के दौरान प्रेरकों ने संगठन की मजबूती पर भी जोर दिया और कहा कि सभी साथी एकजुट रहकर अपने अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ेंगे। कार्यक्रम में मौजूद प्रेरकों ने आशा जताई कि प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र मानदेय भुगतान सुनिश्चित करेगा।
बैठक शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई, जिसमें भाटपार रानी और सलेमपुर ब्लॉक के बड़ी संख्या में प्रेरक उपस्थित रहे।

Share.