जालौन नगर की जनता को एसडीएम रिंकू सिंह राही की दहशत से मिली राहत
■ सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन हुआ सक्रिय
■ चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल के द्वारा बुने गए चक्रव्यूह से जनता को मिली राहत
जालौन नगर में पिछले एक सप्ताह से चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर जनता में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा था। लोगों का आरोप था कि एसडीएम जालौन रिंकू सिंह राही की कार्यशैली के चलते आम नागरिक, व्यापारी और परिवार दहशत के माहौल में जी रहे थे।
बताया जा रहा है कि सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा के प्रयासों के बाद जिलाधिकारी स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया, जिसके बाद प्रशासनिक कार्रवाई की दिशा में बदलाव देखने को मिला। अब यह आश्वासन दिया गया है कि बिना मानवीय संवेदनाओं को ध्यान में रखे किसी प्रकार की कठोर कार्रवाई, चालान या अनावश्यक दबाव नहीं बनाया जाएगा।
व्यापारियों और नगरवासियों का कहना है कि अवैध अतिक्रमण हटाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, लेकिन कार्रवाई के दौरान लोगों की सुविधाओं और सुरक्षा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। नगर के कई व्यापारियों ने आरोप लगाया कि दुकानों के आगे बने छज्जे और नालियों के ऊपर की व्यवस्थाएं हटाने से व्यापार प्रभावित हुआ है, वहीं सुरक्षा संबंधी समस्याएं भी बढ़ गई हैं।
चुखी रोड, डॉ. अंबेडकर स्कूल रोड, चिमन दुबे बगरा रोड सहित कई इलाकों में लोगों ने अपनी सुविधा के अनुसार नालों के ऊपर रास्ते बनाए थे, जिन्हें हटाने के आदेश के बाद लोगों में चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि घरों और दुकानों तक पहुंचने की व्यवस्था ही समाप्त हो जाएगी तो महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।
व्यापार मंडल अध्यक्ष श्याम जी गुप्ता ने इस पूरे मामले को लेकर सदर विधायक गौरी शंकर वर्मा से मुलाकात कर नगरवासियों की समस्याओं से अवगत कराया। इसके बाद विधायक द्वारा प्रशासन से बातचीत कर जनहित में संवेदनशील रवैया अपनाने की मांग की गई।
चेयरमैन प्रतिनिधि पुनीत मित्तल की सक्रियता के बाद भी लोगों को राहत मिलने की बात कही जा रही है। नगरवासियों ने सुझाव दिया है कि नगर पालिका नालियों और नालों के ऊपर लोहे की जालियां लगवाए ताकि सफाई व्यवस्था भी बनी रहे और लोगों को आवागमन में परेशानी भी न हो।
जनता का कहना है कि विकास और व्यवस्था जरूरी है, लेकिन किसी भी कार्रवाई में मानवीय संवेदनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
रिपोर्ट — महेश चौधरी, न्यूज़ 24×7, जालौन





