धान बेचकर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर खाई में गिरा, दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत
मोंठ। समथर थाना क्षेत्र के समथर-पिपरी मार्ग पर ग्राम साकिन के नजदीक एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। धान बेचकर घर लौट रहे किसान का ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने और पानी में डूबने से किसान की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम लोहागढ़, जिला झांसी निवासी मानवेंद्र सिंह सेंगर पुत्र मुन्ना सेंगर (उम्र लगभग 30 वर्ष) अपना धान बेचकर ट्रैक्टर से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम साकिन के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तत्काल मदद के लिए दौड़े और किसान को बाहर निकालने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को पलटाकर उसके नीचे दबे किसान को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में एंबुलेंस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया गया है।
धान बेचकर घर लौट रहे किसान की इस तरह असमय मौत से परिजनों में शोक की लहर है।
मोंठ से संवाददाता जहूर अहमद खान की रिपोर्ट।
स्रोत: Jan Varta Par Focus News 24×7




