त्योहार से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 2,830 किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट
■ खोया, पनीर और मक्खन की जांच में सामने आई गड़बड़ियां, कई नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरे
नई दिल्ली। त्योहारी सीजन शुरू होने से पहले राजधानी दिल्ली में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। सोमवार को कई प्रमुख खाद्य बाजारों में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 2,830 किलोग्राम लावारिस खोया, धाप और मक्खन अस्वच्छ परिस्थितियों में पाया गया। अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए पूरे स्टॉक को नष्ट करा दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने खोया मंडी, मोरी गेट, बाग दीवार, संजय मार्केट और जनकपुरी मंडी समेत कई इलाकों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान अधिकारियों का विशेष ध्यान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था और संभावित मिलावट पर रहा।
बदबूदार और खराब हालत में मिला खाद्य पदार्थ
अधिकारियों के मुताबिक कुछ स्थानों पर बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री खुले में और बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी मिली। कई उत्पादों से दुर्गंध आने तथा खराब होने के लक्षण पाए गए। खाद्य सामग्री के मालिकों या विक्रेताओं के सामने नहीं आने के बाद विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्टॉक को जब्त कर नष्ट कराया।
खोया-क्रीम के 10 नमूने मानकों पर नहीं उतरे खरे
मोरी गेट से लिए गए खोया और क्रीम के 10 नमूनों की प्रयोगशाला जांच में सभी नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। वहीं बाग दीवार और संजय मार्केट क्षेत्र से भी खोया के दो प्रवर्तन नमूने लिए गए हैं, जिनकी जांच की प्रक्रिया की गई।
पनीर में डिटर्जेंट की मौजूदगी से चिंता
जनकपुरी मंडी में भी खाद्य सुरक्षा टीम ने कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पनीर के 10 प्रवर्तन नमूने लिए, जबकि मौके पर खाद्य सुरक्षा व्हील के माध्यम से 28 निगरानी नमूनों की जांच की गई। विभाग के अनुसार इनमें से चार नमूनों में डिटर्जेंट की मौजूदगी पाई गई।
एहतियाती कार्रवाई के तहत करीब 150 किलो पनीर और 10 किलो खोया भी नष्ट कराया गया।
त्योहारों में बढ़ जाती है मांग
त्योहारी मौसम में मिठाई, दूध, खोया, पनीर और क्रीम जैसे खाद्य पदार्थों की मांग तेजी से बढ़ जाती है। इसी दौरान मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। खाद्य विभाग ने बाजारों में निगरानी बढ़ाने के साथ खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
विभाग का कहना है कि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और असुरक्षित या मिलावटी खाद्य पदार्थ मिलने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Focus News 24×7 | जनवार्ता पर फोकस
सही खबर • तेज नजर • जनहित में






