Spread the love

देवरिया में नए 2-लेन ROB के संरेखण को लेकर संयुक्त निरीक्षण, भूमि अर्जन की प्रक्रिया शुरू

 

देवरिया। जिले में आवागमन को सुगम बनाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। पूर्व में निर्मित रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के दाहिनी ओर से गोरखपुर से देवरिया की ओर जाने के लिए प्रस्तावित नए 2-लेन ROB के निर्माण की कवायद तेज कर दी गई है।

इसी क्रम में 08 सितंबर 2026 को प्रस्तावित नए ROB के संरेखण (Alignment) को निर्धारित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर निरीक्षण किया गया।

संयुक्त निरीक्षण में नायब तहसीलदार देवरिया शिवेंद्र कौंडिल्य, सहायक अभियंता NH, पीडब्ल्यूडी गोरखपुर, सहायक अभियंता पीडब्ल्यूडी देवरिया, सहायक अभियंता नगर पालिका देवरिया, संबंधित क्षेत्रीय कानूनगो एवं लेखपाल तथा सेतु कंसल्टेंट की टीम मौजूद रही।

निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित ROB के संरेखण का स्थलीय अवलोकन किया गया। अधिकारियों एवं तकनीकी टीम ने निर्माण प्रस्तावित क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए संरेखण की राह में आने वाली संभावित बाधाओं की जानकारी जुटाई। साथ ही निर्माण कार्य को सुचारु रूप से पूरा कराने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं पर भी मौके पर विचार-विमर्श किया गया।

संयुक्त टीम द्वारा यह भी देखा गया कि प्रस्तावित ROB के निर्माण के लिए किन स्थानों पर भूमि की आवश्यकता पड़ सकती है तथा भूमि अर्जन की संभावनाएं क्या हैं। संबंधित राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा मौके पर भूमि संबंधी स्थिति का अवलोकन किया गया।

अधिकारियों के निरीक्षण के बाद ROB निर्माण के लिए आवश्यक भूमि अर्जन की संभावनाओं को लेकर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। आगामी प्रक्रिया में प्रस्तावित संरेखण, भूमि की उपलब्धता तथा निर्माण में आने वाली संभावित बाधाओं का परीक्षण करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नए 2-लेन ROB के निर्माण से गोरखपुर से देवरिया की ओर आने-जाने वाले वाहनों को बेहतर मार्ग मिलने तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल संयुक्त निरीक्षण के बाद परियोजना से संबंधित आवश्यक प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Share.