वृद्धावस्था पेंशन की पहली किस्त लाभार्थियों के खातों में भेजी गई, पेंशनरों से बैंक खाता जांचने की अपील
देवरिया। समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के पात्र लाभार्थियों को वित्तीय वर्ष 2026-27 से नवीन प्रणाली एसएनए स्पर्श (SNA-SPARSH) के माध्यम से पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
योजना के तहत 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र लाभार्थियों को 1000 रुपये प्रतिमाह की दर से पेंशन की धनराशि उनके आधार लिंक बैंक खाते में भेजी जाती है।
विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, जिन पेंशनरों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में पेंशन प्राप्त हो चुकी थी, उन्हीं पेंशनरों के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम किस्त के रूप में अप्रैल, मई एवं जून 2026, यानी तीन माह की कुल 3000 रुपये की धनराशि उनके बैंक खातों में प्रेषित की गई है।
नई भुगतान प्रणाली के तहत भारत सरकार एवं राज्य सरकार के हिस्से की धनराशि अलग-अलग प्रेषित की गई है। इसके चलते कुछ पेंशनरों के खाते में 3000 रुपये की एकमुश्त धनराशि दिखाई दे सकती है।
वहीं, 60 से 79 वर्ष की आयु के पेंशनरों को भारत सरकार की ओर से 2400 रुपये तथा राज्य सरकार की ओर से 600 रुपये, इस प्रकार कुल 3000 रुपये की धनराशि भेजी गई है। इसी प्रकार 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के पेंशनरों के खाते में भारत सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से 1500-1500 रुपये, यानी कुल 3000 रुपये की धनराशि प्रेषित की गई है।
समाज कल्याण विभाग ने सभी संबंधित पेंशनरों से अपील की है कि वे अपने NPCI से लिंक बैंक खाते की जांच कर लें और यह सुनिश्चित करें कि पेंशन की धनराशि उनके खाते में प्राप्त हो गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नई भुगतान प्रणाली के कारण खाते में धनराशि अलग-अलग स्रोतों से प्रदर्शित हो सकती है, लेकिन पात्र पेंशनर को प्रथम किस्त के रूप में कुल 3000 रुपये प्राप्त होने हैं।






