स्कॉर्पियो से बिहार ले जाई जा रही थी 846 लीटर अंग्रेजी शराब
(प्रतापपुर )देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना पुलिस ने बंकुल मोड़ के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन से 98 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 25 मई, 2026 की रात को की गई।
बरामद शराब की कुल मात्रा 846 लीटर है, जिसमें ऑफिसर चॉइस ब्रांड की बोतलें शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह शराब स्कॉर्पियो वाहन संख्या BR 01JL 5743 से बिहार ले जाई जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान अनवर अली (20 वर्ष) पुत्र अकबर हुसैन निवासी बरहोगा जद्दू, थाना जामो बाजार, जनपद सिवान, बिहार और धनु कुमार (22 वर्ष) पुत्र सुदर्शन प्रसाद निवासी तितिरा, थाना मैरवा, जनपद सिवान, बिहार के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजीत आर. शंकर के निर्देश पर जनपद में अपराध, अपराधियों और शराब तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) श्री सुनील कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी श्री अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में श्रीरामपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ थाना श्रीरामपुर में मु0अ0सं0 81/2026 धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।



