आल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ने पुलिस कप्तान से की मुलाकात, सम्मान पत्र भेंटकर किया सम्मानित
उरई, जालौन। आल इंडिया पत्रकार एकता संघ के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी एवं समय की तलाश, झांसी के प्रबंध संपादक ओमप्रकाश उदैनियां ने जनपद के पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत से प्रथम बार शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने संगठन की गतिविधियों एवं उद्देश्यों से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया तथा संगठन की ओर से निर्धारित सम्मान पत्र भेंटकर उन्हें सम्मानित किया।
इस अवसर पर नगर उपाध्यक्ष गोपाल जी गुबरेले ने पुलिस अधीक्षक को राम नाम की पट्टिका ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंटकर उनका स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय एवं आपसी सहयोग को लेकर चर्चा की।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने कहा कि पुलिस हो या पत्रकार, सभी को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। इससे आपसी समन्वय और सहयोग स्वतः बना रहेगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि यदि किसी पत्रकार साथी को कोई समस्या आती है तो वह उनसे सीधे मिलकर अपनी बात रख सकता है।
इस मुलाकात को पत्रकारिता और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर संवाद एवं सौहार्दपूर्ण संबंधों की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।
स्रोत: Jan Varta Par Focus News 24×7




