जालौन के कालपी में आर्यकन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में कक्षा 10वीं की दो छात्राओं के अचानक गायब होने से हड़कंप मच गया। बुधवार सुबह नई बस्ती निवासी साबिया पुत्री शकील और कागजीपुरा निवासी शिवानी पुत्री रामआसरे स्कूल पहुंची थीं। दोनों ने अपने बैग क्लास में रख दिए, लेकिन इसके बाद अचानक गायब हो गईं।
जब स्कूल स्टाफ को छात्राओं के न मिलने की जानकारी हुई, तो उनकी तलाश शुरू की गई। इस बीच परिजनों को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद वे स्कूल पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया। लगभग चार घंटे तक स्कूल के बाहर हंगामा और पुलिस की गहमागहमी बनी रही।
इसी दौरान, परिजन छात्राओं की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने कोतवाली पहुंचे। तभी खबर मिली कि दोनों छात्राएं वापस स्कूल आ गई हैं। पुलिस ने तुरंत स्कूल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और छात्राओं से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे स्कूल से बाहर अपनी एक सहेली के घर घूमने चली गई थीं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रजनी पुरवार ने बताया कि एक छात्रा थोड़ी देर के लिए स्कूल आई थी लेकिन फिर वापस चली गई, जबकि दूसरी छात्रा स्कूल में आई ही नहीं। मामले पर कोतवाली प्रभारी नागेंद्र पाठक ने कहा कि दोनों छात्राएं सुरक्षित लौट आई हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
छात्राओं के सकुशल लौटने से परिजनों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका
जा सके।







