जालौन में DRI और ATS का बड़ा छापा, गुलाब जल बनाने की आड़ में मादक पदार्थों के कारोबार का खुलासा
■ डकोर थाना क्षेत्र के ऐरी रामपुरा गांव में संयुक्त टीम की कार्रवाई, भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद; तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी
जालौन, उत्तर प्रदेश। जनपद जालौन में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है। डकोर थाना क्षेत्र के ग्राम ऐरी रामपुरा में गुलाब जल बनाने की आड़ में कथित रूप से मादक पदार्थों का निर्माण और तस्करी किए जाने की सूचना पर DRI (राजस्व आसूचना निदेशालय), ATS और इंटेलिजेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर गुलाब जल बनाने के नाम पर संचालित गतिविधियों को लेकर जांच एजेंसियों ने यह अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान ATS की दो कंपनियों सहित DRI और इंटेलिजेंस की टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने परिसर में तलाशी अभियान चलाया, जिसमें भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
छापेमारी के दौरान टीम ने तीन संदिग्ध लोगों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां मौके से मिले संदिग्ध पदार्थों और वहां संचालित गतिविधियों की पड़ताल कर रही हैं। बरामद पदार्थ की वास्तविक प्रकृति, मात्रा और पूरे नेटवर्क से जुड़े तथ्यों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल ऐरी रामपुरा गांव में हुई इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। जांच एजेंसियों की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
रिपोर्ट: महेश चौधरी, जालौन
जन वार्ता पर Focus News 24×7





