सीएम योगी के काफिले की सुरक्षा में 15 दिन के अंदर दूसरी बार चूक, ऐक्शन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सुरक्षा में फिर चूक सामने आई है। गोरखपुर के गोरखनाथ क्षेत्र में नए ओवरब्रिज के लोकार्पण के दौरान उनके काफिले में एक गोवंश घुस गई। मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तत्काल गोवंश काबू में कर स्थिति को संभाल लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार को नगर आयुक्त ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए सुपरवाइजर को निलम्बित कर दिया है।
मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान हुई इस चूक को वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही के रूप में देखा जा रहा है। चंद सेकंड की इस घटना से कार्यक्रम स्थल के आसपास तैनात पुलिस और प्रशासनिक अमले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया।

घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त ने संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की है। नगर निगम के सुपरवाइजर अरविंद कुमार को लापरवाही का दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में सम्बन्धित के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह गंभीर विषय है। चूक पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

यह पहली बार नहीं है जब मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान सुरक्षा में चूक सामने आई हो। इससे पहले चार दिसंबर को मुख्यमंत्री जब स्पोर्ट्स कॉलेज से एयरपोर्ट जा रहे थे, तब असुरन क्षेत्र में वार्निंग पायलट वाहन के आगे एक बस आ गई थी। उस मामले में भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई थी। मामले की गहन जांच के आदेश भी दिए गए हैं। महज 15 दिनों के भीतर दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारों का कहना है कि वीवीआईपी मूवमेंट से पहले रूट क्लियरेंस की गहन समीक्षा की आवश्यकता है।

Share.