Spread the love

मोठ में एक उम्मीद जन कल्याण सेवा समिति द्वारा 200 कंबलों का वितरण

मोठ से संवाददाता : जहूर अहमद खान

झांसी। झांसी जनपद के मोठ–समथर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत साकिन में कड़ाके की ठंड को देखते हुए एक उम्मीद जन कल्याण सेवा समिति के तत्वावधान में 200 कंबलों का वितरण समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम समिति के मंडल उपाध्यक्ष निसार खान के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समिति के मंडल अध्यक्ष प्रदीप टांडा ने कहा कि एक उम्मीद जन कल्याण सेवा समिति निरंतर ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंदों की सहायता कर रही है। उन्होंने बताया कि समिति का उद्देश्य किसी एक धर्म या वर्ग तक सीमित न होकर हर उस व्यक्ति तक मदद पहुंचाना है, जो ठंड से परेशान है।
मंडल अध्यक्ष प्रदीप टांडा ने अपने संबोधन में कहा,
“हमारी समिति हर ग्राम में जाकर गरीब और असहाय लोगों को कंबल वितरण कर रही है, ताकि कड़ाके की ठंड में कोई भी व्यक्ति ठिठुरने को मजबूर न हो। हमारा संदेश साफ है—ना हिंदू, ना मुस्लिम, सिर्फ मानवता और गरीबों की मदद।”
उन्होंने यह भी कहा कि कई बार सरकारी योजनाएं कागजी प्रक्रियाओं में उलझी रह जाती हैं, ऐसे समय में समाजसेवी संगठनों और जागरूक नागरिकों का दायित्व बनता है कि वे आगे आकर जरूरतमंदों की सहायता करें।
कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों के चेहरों पर राहत और संतोष साफ झलक रहा था। ग्रामीणों ने समिति के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, ग्रामवासियों तथा समिति के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने एक स्वर में इस जनकल्याणकारी पहल को सराहनीय बताया और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।

Share.