जालौन के सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को सीबीएसई बोर्ड की मिली मान्यता, नगर में हर्ष का माहौल
जालौन। नगर स्थित सेठ वीरेंद्र कुमार पब्लिक स्कूल को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से मान्यता प्राप्त होने पर विद्यालय परिवार सहित नगरवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक भव्य सेमिनार एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में नगर के दो सैकड़ा से अधिक सभ्रांत एवं गणमान्य बुद्धिजीवी, शिक्षाविद, समाजसेवी, अभिभावक, महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई।
विद्यालय प्रबंधन ने जानकारी देते हुए बताया कि सीबीएसई मान्यता मिलने से अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय, आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनके भविष्य को भी नई दिशा मिलेगी।
सेमिनार में वक्ताओं ने सीबीएसई शिक्षा प्रणाली की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह बोर्ड विद्यार्थियों में तार्किक सोच, रचनात्मकता एवं प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करने में सहायक है। साथ ही विद्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों एवं स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विश्वास जताया कि स्कूल आने वाले समय में शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया गया और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
रिपोर्ट – महेश चौधरी
जालौन






