Spread the love

मोठ: चार पहिया वाहन विद्युत पोल से टकराया, कार में लगी आग, बड़ा हादसा टला

झांसी जनपद के मोठ तहसील अंतर्गत कस्बा समथर के मोहल्ला लंका पलका के पास सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक कार चालक का संतुलन बिगड़ जाने से चार पहिया वाहन सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में तुरंत आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत विद्युत विभाग को सूचना दी, जिसके बाद क्षेत्र की बिजली आपूर्ति को शटडाउन कर दिया गया। समय रहते बिजली बंद होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार कार चालक करण सिंह कुशवाहा पुत्र बलराम कुशवाहा वाहन चला रहे थे। वाहन योगेश शर्मा निवासी मोहल्ला हरिपुरा, समथर का बताया जा रहा है। चालक करण सिंह कुशवाहा वर्तमान में मोहल्ला नई बस्ती, समथर के निवासी हैं।
हादसे के समय वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग बाल-बाल बच गए।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष समथर अतुल कुमार राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने वाहन में सवार लोगों को सकुशल बाहर निकालकर सुरक्षा सुनिश्चित की।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
मोठ से संवाददाता: जहूर अहमद खान

Share.